Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:गैस एजेंसियों पर ताला; शहर में घुसा तेंदुआ; पत्नी ने CISF जवान गर्लफ्रेंड संग पकड़ा; लुटेरों को ट्रैक्टर से बांधकर दौड़ाया

    13 hours ago

    नमस्कार, पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर LPG का संकट है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पहले से बंद है। अब घरेलू सिलेंडर के लिए भी लोग परेशान हैं। सरकार के फैसले के मुताबिक बुकिंग ऑनलाइन करवानी पड़ रही है, लेकिन सर्वर डाउन होने के चलते OTP ही नहीं आ रहे। इससे लोग काफी परेशान हैं। पंजाब-चंडीगढ़ की दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. गैस सिलेंडर संकट बढ़ा, बुकिंग बंद, एजेंसी को ताला लगाया अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का अब असर पंजाब-चंडीगढ़ पर भी पड़ा है। कॉमर्शियल सिलेंडर मिलना लगभग सभी जगह बंद हो गया। जबकि, घरेलू सिलेंडरों के लिए भी बुकिंग में समस्या आ रही है। सर्वर डाउन होने के कारण OTP नहीं आ रहा। अमृतसर में अधिक भीड़ जुटने के कारण गैस एजेंसी को ही बंद कर दिया गया। CM भगवंत मान ने कहा- सारे डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि पंजाब में कहीं भी LPG गैस की कमी नहीं आने दी जाए। जमाखोरी या ब्लैक में सिलेंडर बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। चंडीगढ़ में भी गैसे एजेंसियों पर भीड़ लगी रही। सेक्टर-25 इंडियन गैस एजेंसी पर ताला लगा दिया है। लोग खाली सिलेंडर लेकर घूमते रहे, लेकिन भरा हुआ सिलेंडर नहीं मिला। एक व्यक्ति ने कहा कि घर में बच्चे भूखे हैं और सिलेंडर लेने आया तो यहां मना कर दिया है। वहीं, अब एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरे की बुकिंग भी 30 दिन के बाद हो रही है। एलपीजी डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान अरूण गुप्ता ने कहा कि डोमेस्टिक गैस सिलेंडरों की कमी नहीं है। हर एजेंसी में गैस सिलेंडर हैं। पोर्टल में बुकिंग शो न होने के कारण सिलेंडरों की डिलीवरी में दिक्कत आई है। बिना बुकिंग वेरिफाई किए किसी भी कस्टमर को सिलेंडर नहीं भेज सकते। (पढ़ें पूरी खबर) 2. अचानक मौसम बदला, बारिश के साथ ओले भी गिरे, कई शहरों में बादल छाए पंजाब में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। पूरे राज्य में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं, अमृतसर में तड़के करीब 5 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे तक बारिश होती रही। इस दौरान अमृतसर के कुछ हिस्सों में ओले भी गिरे। जिससे गेहूं की फसल को भी नुकसान हुआ। इससे तापमान में गिरावट आई है। पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। भाखड़ा डैम इलाके में सबसे ज्यादा 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के सभी जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं, 14 से 16 मार्च के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 मार्च को मौसम फिर से शुष्क होने की उम्मीद है। 14 मार्च को मुख्य रूप से पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि, 15 मार्च को बारिश का दायरा बढ़ सकता है। इस दिन पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), पटियाला और रूपनगर में बारिश की संभावना जताई गई है। (पढ़ें पूरी खबर) 3. CCTV फुटेज में पानी पीते दिखा तेंदुआ, पुलिस-फॉरेस्ट टीमें नहीं खोज पाईं चंडीगढ़ में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस और फॉरेस्ट विभाग की टीमें बुधवार रात से ही तेंदुए की तलाश कर रही हैं। हालांकि, उसका अभी तक कोई पता नहीं चला है। तेंदुए को रात में सेक्टर-29 में देखा गया था। वह पीर दरगाह के पास पानी पीते हुए CCTV कैमरे में भी कैद हुआ था। तेंदुआ कहां से आया, इसके बारे में भी पड़ताल की जा रही है। चंडीगढ़ शहर में तेंदुए के घुसने से लोगों में दहशत है। महिलाओं और बच्चों को परिवार ने खास सतर्कता बरतने को कहा है। वहीं, चंडीगढ़ के फॉरेस्ट अफसर ने कहा कि रात में सर्च किया था, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। वह सीसीटीवी में नजर आया, इस वजह से टीमें अब भी उसकी तलाश कर रही हैं। जहां तेंदुआ दिखा, उसके आसपास जंगल है, इस वजह से दिक्कत हो रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. मैरिड गर्लफ्रेंड से तंग युवक ने सुसाइड किया, गले में फंदा लगाकर वीडियो बनाया कपूरथला में विवाहित गर्लफ्रेंड के धोखे से तंग आकर युवक ने सुसाइड कर लिया। महिला ने खुद को अनमैरिड बताकर युवक से दोस्ती की। जब युवक को पता चला तो उल्टा उसे ही धमकाने लगी कि उस पर रेप का केस दर्ज कराएगी। उसने ब्लमैकमेल कर रुपए मांगने शुरू कर दिए। युवक के इनकार करने पर महिला ने पुलिस को शिकायतें देनी शुरू कर दीं। मरने से पहले युवक ने गले में फंदा डाले 21 सेकेंड का वीडियो बनाया, जिसमें उसने कहा कि रीत नाम की कुड़ी ने मुझे बहुत परेशान किया है। मुझे ब्लैकमेल कर धमकी दी। मैं तंग आ गया हूं, इसलिए सुसाइड कर रहा है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में महिला ने भी पुलिस को शिकायतें दी थीं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. गोल्डन टेंपल पहुंचे अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार की दोपहर बाद गोल्डन टेंपल पहुंचे। उनके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी रहे। दोनों ने गोल्डन टेंपल में माथा टेका और शुक्राना अदा किया। केजरीवाल का यह दौरा उनके कथित शराब घोटाले मामले से बरी होने के बाद पहला पंजाब दौरा है। यह दौरा राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोल्डन टेंपल में माथा टेकने के बाद अरविंद केजरीवाल पंजाब की जनता के साथ संवाद भी किया। इस दौरान वह स्थानीय नेताओं और आम लोगों से भी मिले। (पढ़ें पूरी खबर) 6. लुटेरों को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर गांव में दौड़ाया, डंडों से पीटा तरनतारन में विधानसभा हलका पट्टी के गांव ढोटियां में दातर के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन लुटेरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। तीनों की पहले मारपीट की गई, फिर उनके हाथ बांधकर ट्रैक्टर के पीछे बांधकर गांव में दौड़ाया। घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद थाना सरहाली की पुलिस ने तीनों लुटेरों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की। गांव ढोटियां के निवासी किसान सरबजीत सिंह अपनी बेटी को बस अड्डे छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल पर गए थे। मंगलवार शाम 6 बजे वह बेटी को बस पर बिठाकर गांव लौट रहा थे कि रास्ते में तीन लुटेरों ने सरबजीत को घेरकर दातर के बल पर मोबाइल और पर्स छीन लिया। पर्स में 1800 रुपए थे। किसान ने बहादुरी से तीनों का मुकाबला करते हुए उन्हें उलझाते हुए शोर मचाया। इस दौरान ग्रामीणों ने लाउड स्पीकर पर पूरे गांव के लोगों को सरबजीत सिंह द्वारा बताई जगह पर पहुंचने को कहा। करीब 20 किसान ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने तीनों लुटेरों के काबू कर पहले मारपीट की, फिर उनके हाथ बांधकर ट्रैक्टर के पीछे बांधा व पूरे गांव का चक्कर लगाया। ट्रैक्टर के पीछे चक्कर लगाते समय तीनों की लाठियों से मारपीट भी की गई, जिसका 2 मिनट 21 सेकेंड का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस चौकी नौशहरा पन्नुआं के प्रभारी सलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और तीनों लुटेरों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से एक दातर भी बरामद हुआ। (पढ़ें पूरी खबर) 7. आर्मी जवान बोला- पिता को पुलिसवालों ने सीढ़ी से फेंका, रीढ़ की हड्‌डी टूटी बठिंडा पुलिस के मुलाजिमों पर आर्मी जवान ने पिता को छत से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। इसकी वजह से उन्हें गंभीर चोट लगी हैं। अरुणाचल प्रदेश में तैनात जवान ने बठिंडा की SSP से मिलकर मुलाजिमों पर कार्रवाई की मांग की है। आर्मी जवान का आरोप है कि पड़ोसियों ने उसके पिता के खिलाफ झूठी शिकायत दी। इसके बाद पुलिस पिता को पकड़ने पहुंची तो वह छत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसवालों ने उन्हें सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। इससे उनकी रीढ़ की हड्‌डी टूट गई और सिर में भी गंभीर चोट लगी है। इसके बावजूद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जवान का आरोप है कि पड़ोसी आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े हैं, इसलिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। SSP ने जांच का भरोसा दिलाया है। वहीं DSP ने कहा कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर) 8. गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा गया CISF जवान पति, पत्नी को पीटा मोहाली के खरड़ सिटी थाने में पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति और उसकी कथित गर्लफ्रेंड के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पति ने अपनी महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने पर पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। खरड़ में लांडरा रोड पर रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 17 नवंबर 2017 को कुलदीप मलिक से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। जसमीत कौर के अनुसार, उनके पति CISF में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति के एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिस कारण घर में अक्सर क्लेश होता रहता था। घटना वाली रात करीब 8 बजे पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पति कथित तौर पर अपनी महिला मित्र से मिलने चला गया। पत्नी भी उसका पीछा करते हुए पहुंच गई। जब पत्नी ने उसे होटल में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा तो पति ने अपने बचाव में पत्नी की ही पिटाई कर दी। (पढ़ें पूरी खबर) 9. विधानसभा में कांग्रेस MLA पर हंगामा, खैहरा के खिलाफ दूसरा प्रस्ताव पास पंजाब विधानसभा के बजट सत्र का आज (12 मार्च) छठा दिन है। सुबह की कार्यवाही की शुरुआत ही कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के मुद्दे पर हंगामे से हुई। वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने खैहरा के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि खैहरा ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह सदन के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। इसलिए इस मामले को विशेषाधिकार समिति को सौंपा जाना चाहिए। जब इस प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई तो AAP के विधायक सुखविंदर सिंह सुखी ने कहा कि उन्हें लगता है कि कांग्रेस के कुछ सदस्यों की आदत बन गई है कि वे चुने हुए सदस्यों के खिलाफ बोलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह आदत कांग्रेस के खून में है। जैसे ही उन्होंने यह शब्द कहा, सदन में बवाल हो गया। कांग्रेस विधायकों ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया और बहस तेज हो गई। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि उन्होंने भी मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया था, क्योंकि वह लड़कियों के लिए ‘पटौला’ और ‘भरिंड’ जैसे शब्द बोलते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि उस पर क्या कार्रवाई हुई? हालांकि, शोर-शराबे के बीच यह प्रस्ताव पास हो गया। खैहरा के खिलाफ दो दिनों में यह दूसरा प्रस्ताव पेश किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर) 10. जिहादी गतिविधियों में शामिल 3 युवक गिरफ्तार, पाकिस्तानी प्रचारकों से थे प्रभावित मलेरकोटला जिला पुलिस ने भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होकर जिहादी साजिश रचने की योजना बना रहे 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई SSP के दिशा-निर्देशों पर की गई। SP (लोकल) गुरशरणजीत सिंह संधू की अगुवाई में CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह और साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनजोत सिंह की टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, साइबर क्राइम थाना मलेरकोटला में मुखबिरी के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी फरहान अंजुम पुत्र इरफान अंजुम निवासी मोहल्ला लुहारा मलैर, मोती बाजार के पास, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा फैला रहा था। वह युवाओं को जिहादी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसाने की कोशिश कर रहा था। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर मुलाकात होगी)
    Click here to Read More
    Previous Article
    Ireland’s deputy PM warns of ‘near-existential moment’ for EU amid global turmoil
    Next Article
    SC बोला-पेरेंट्स की सैलरी OBC क्रीमी लेयर का आधार नहीं:सिविल सेवा पास करने वाले कैंडिडेट्स को राहत, आरक्षण का फायदा नहीं मिला था

    Related भारत Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment