Search

    Language Settings
    Select Website Language

    GDPR Compliance

    We use cookies to ensure you get the best experience on our website. By continuing to use our site, you accept our use of cookies, Privacy Policy, and Terms of Service.

    पंजाब अफसर सुसाइड, AAP मंत्री पर पिता-PA समेत FIR:पत्नी बोली- पति को धमकाया, गैंगस्टर मेरे पाले हुए, तू मेरी बात न मानकर जिंदा नहीं रह सकता, जहर खा ले

    12 hours ago

    पंजाब में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड के आरोप में अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव भुल्लर और निजी सचिव (PA) दिलबाग सिंह के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। तीनों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 यानी आत्महत्या के लिए उकसाने, 351(3)- जानलेवा धमकी और 3(5) - जुर्म में साथ देने की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत पर आधी रात को यह केस दर्ज किया। पत्नी ने कहा कि मंत्री ने उन्हें धमकाया कि गैंगस्टर मेरे पाले हुए हैं। तेरे परिवार को खत्म करने के लिए एक इशारा ही काफी है। अगर तू मेरे नियमों को नहीं मान सकता तो तुझे जिंदा रहने का हक नहीं, तू जहर खा ले। इसके बाद पति ने सुसाइड कर लिया। रंधावा ने शनिवार (21 मार्च) की सुबह सुसाइड किया था। इसके बाद AAP सरकार ने मंत्री से तुरंत इस्तीफा लेकर डैमेज कंट्रोल की कोशिश की। मगर, परिवार के FIR पर अड़ने और विरोधियों के एकजुट होने के बाद केस दर्ज करना पड़ा। इस मामले में अब विरोधी दल भुल्लर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने संयुक्त रूप से आज (22 मार्च) चंडीगढ़ में CM आवास का घेराव करेंगे। इसमें सुसाइड करने वाले अफसर का परिवार भी उनके साथ होगा। परिवार और उनके समर्थकों ने CM भगवंत मान समेत सभी AAP नेताओं को चेतावनी दी है कि वह परिवार से मिलने या घर आने की कोशिश न करें, अन्यथा किसी भी अनहोनी के लिए वह जिम्मेदार नहीं होंगे। शनिवार को डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप रंधावा ने जहर खा लिया था। इसके बाद 12 सेकेंड की वीडियो रिकॉर्ड कर कहा- 'खा लई सल्फास तुहाडे यार ने, मिनिस्टर लालजीत भुल्लर दे डर तों, हुण नहीं बचदा' (आपके दोस्त ने मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से जहर खा लिया है। अब नहीं बचूंगा)। रंधावा ने दोस्तों को ये वीडियो भेजा। वह तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन वहां उनकी मौत हो गई। जानिए, पत्नी ने FIR दर्ज करवाते हुए क्या बयान लिखवाए… अक्टूबर 2025 में टेंडर निकले, मंत्री ने पिता के नाम पर भरे मृतक अफसर गगनदीप रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर (45) ने बताया कि वह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अजनाला रोड, अमृतसर में बतौर साइंस टीचर तैनात हैं। मेरी शादी 2007 में गगनदीप सिंह रंधावा के साथ हुई। हमारे 3 बच्चे हैं, जिसमें दो लड़कियां व एक लड़का है। मेरे पति गगनदीप सिंह रंधावा पंजाब राज्य गोदाम निगम में जिला मैनेजर के पद पर नियुक्त थे। मेरे पति के पास अमृतसर, तरनतारन जिलों का चार्ज भी था। पंजाब स्टेट गोदाम निगम की तरफ से अलग-अलग जिलों में नए गोदाम बनाने के लिए टेंडर पिछले साल अक्तूबर 2025 में निकाले गए थे। टेंडरों के लिए मंजूरी चंडीगढ़ से मिलनी थी। मंत्री ने पिता के नाम पर टेंडर भरे थे पत्नी उपिंदर ने बताया कि इस संबंधी फूड काॅर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने अपने इन टेंडरों को अपने तय नियमों मुताबिक पास करना होता है। पट्टी व भिखीविंड के इलाके तरनतारन जिले में आते हैं। यहीं के पट्टी विधानसभा सीट से मंत्री लालजीत भुल्लर MLA हैं। उन्होंने अपने पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम से उपरोक्त स्थानों पर गोदामों का निर्माण हासिल करने के लिए टेंडर भरा हुआ। टेंडर मंजूर नहीं तो खामियाजा परिवार भुगतेगा उपिंदर कौर ने बताया- मेरे पति पर मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर दबाव बना रहा था कि हर हाल में टेंडर उसके पिता के नाम पर मंजूर होने चाहिए, जिसका जिक्र मेरे पति ने पिछले समय में मेरे साथ कई बार किया। इस संबंध में ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उसके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर, ट्रांसपोर्ट मंत्री के पीए दिलबाग सिंह उर्फ बागा लगातार मेरे पति को धमकियां दे रहे थे। वह कह रहे थे कि अगर टेंडर ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के पिता सुखदेव भुल्लर के नाम पर मंजूर न हुए, तो इसका खामियाजा तुझे व तेरे बच्चों को बुरी तरह भुगतना पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मेरे पति को धमकाते हुए कई बार कहा कि मुझे यह भी पता है कि तेरे बच्चे कहां-कहां पढ़ते हैं और तेरी पत्नी कहां नौकरी करती है। मेरा पति लगातार पड़ रहे दबाव के कारण घर आकर रोते हुए सारी बातें बताते थे। वह बताते थे कि वह नियमों के बाहर जाकर किसी की मदद नहीं कर सकता, क्योंकि टेंडरों की सारी प्रक्रिया बिल्कुल पारदर्शी व ऑनलाइन होती है। जिस कारण टेंडर सुखदेव भुल्लर की जगह किसी और को जारी हो गए। मंत्री ने धमकाया- जितने भी गैंगस्टर हैं, मेरे पाले हुए टेंडर न मिलने के बाद मंत्री व उसके पिता ने मेरे पति को बहुत बुरी तरह से बेइज्जत व परेशान करना शुरू कर दिया। मंत्री मेरे पति को व्हाट्सएप कॉल्स करके धमकाने लगा। तू उक्त टेंडर कैंसिल कर मेरे पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर जारी कर, नहीं तो तुझे, मेरे बच्चों, पूरे परिवार को जान से मरवा दूंगा। तुझे नहीं पता, जितने भी गैंगस्टर हैं, मेरे ही पाले हुए हैं। तुझे व तेरे परिवार को मरवाने के लिए एक इशारा ही काफी है। पति ने कई बार मंत्री को समझाया कि टेंडर कैंसिल कर अपने पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर जारी करने का अधिकार उनके पास नहीं है। उपिंदर ने कहा कि मेरे पति ने मुझे यह भी बताया था कि ट्रांसपोर्ट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मुझे धमकियां देते हुए बार-बार यह कहा कि अगर मेरे कहने पर टेंडर कैंसिल करके मेरे पिता सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर जारी नहीं किए, तो तुझे व तेरे परिवार को मार देना है, या तू खुद जहर खा ले। मेरे नियमों का न मानकर तू जिंदा नहीं रह सकता है। मंत्री व उसके पिता ने जलील किया और मारा 13 मार्च को मंत्री ने मेरे पति को अपने घर बुलाया, जहां पर मंत्री का पिता, पीए व दो से चार और लोग मौजूद थे। घर में दाखिल होते ही मंत्री के पिता व पीए ने मेरे पति के मुंह पर थप्पड़ मारे। इसके बाद दूसरे व्यक्तियों के साथ मिलकर मेरे पति से मारपीट की। इस दौरान मंत्री के पिता ने मंत्री को व्यंग्य करते हुए कहा कि तू किस चीज का मंत्री है, जब तेरे कहने पर दो टके का अफसर तेरे बाप के नाम पर टेंडर भी जारी नहीं कर सकता। यह सुनते ही मंत्री ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाल ली और उसका बट मेरे पति के सिर पर मारा, जो कि मेरे पति के बाईं साइड कान पर लगा। इसके बाद मंत्री ने अपनी पिस्टल मेरे पति की कनपटी पर रखकर कहा कि हमारे कहे पर नहीं चलता, अब देखना, हम तेरा क्या हश्र करेंगे। इसके बाद मंत्री ने अपने साथी को कहा कि जो भी मैं कहता हूं, तू वही शब्द गगनदीप सिंह रंधावा के मुंह से बुलाकर वीडियो बना। अगर यह हमारे दिए शब्दों के मुताबिक नहीं बोलता है, तो इसको गोली मारकर लाश नदी में फेंककर खुर्द-बुर्द कर दो। इसके बाद बंदूक की नोक पर इन्होंने मेरे पति से झूठा बयान रिकॉर्ड किया, जिसमें कहलवाया गया कि दस लाख रुपए रिश्वत लेकर मैंने भुल्लर की जगह दूसरी पार्टी को टेंडर दिलवाया है। वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने कहा कि तू हमारे कहने पर नहीं चला, अब देख हम तेरा क्या करते हैं। इस वजह से पति ने जहर खाया पत्नी उपिंदर कौर ने कहा- यह सारी बातें मेरे पति ने घर आकर मुझे बताईं और कहा कि अब मैं जीने के लायक नहीं रहा। मैंने पति को कहा कि हम इस सारी चीज को लेकर पुलिस को सूचित करते हैं। इस पर पति ने कहा कि मंत्री मौजूदा पंजाब सरकार में ट्रांसपोर्ट मंत्री है, हमारी फरियाद कोई नहीं सुनेगा। यह बातें मेरे पति ने मेरे अलावा परिवार के कुछ खास लोगों को भी बताईं। मेरा पति उक्त लोगों द्वारा जलील करने व जान से मारने की धमकियां देने से बहुत मजबूर हो गया था। उसे समझ नहीं आ रहा था कि अब क्या किया जाए। वह बार-बार इन तीनों आरोपियों द्वारा जलील करने व बच्चों को मार देने की धमकियों, और “तू जहर खा ले” जैसी बातों को दोहरा-दोहरा कर बहुत परेशान था। इसी वजह से उसने जहर खा लिया और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मंत्री और अफसर के बीच विवाद क्या था… अफसर के सुसाइड और उसके बाद क्या हुआ 21 मार्च तड़के जहर निगला, वीडियो बनाया इसके बाद गगनदीप रंधावा ने अपने पत्नी को मायके भेज दिया। वह घर पर अकेले थे। शनिवार, 21 मार्च तड़के करीब पांच बजे रंधावा सल्फास निगला और उसके बाद 12 सेकेंड का वीडियो बनाया। जिसमें कहा कि मिनिस्टर लालजीत भुल्लर की वजह से वह सुसाइड कर रहे। वीडियो दोस्तों को भेजा। डीएम गगनदीप रंधावा के दोस्त गुरपाल सिंह का कहना है कि जब उसने वीडियो देखा तो वो तुरंत उसके घर गए और कुछ लोगों के साथ उसे लेकर अस्पताल गए। अस्पताल जाने तक वह होश में था और बात कर रहा था। गुरपाल सिंह का कहना है कि वो आखिर तक यही कह रहा था कि अगर बच गया तो मंत्री भुल्लर उसके बच्चों को मरवा देगा। गुरपाल सिंह ने बताया कि करीब सात बजे उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि मंत्री ने जो उसे तंग किया था उसके बारे में कुछ दोस्तों व परिवार को पता था। इसके अलावा उसने अफसरों को भी पत्र लिख दिए थे। सीएम ने मंत्री को किया बर्खास्त डीएम के सुसाइड केस में जैसे ही ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर लालजीत भुल्लर का नाम आया तो मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तुरंत इस्तीफा मांग लिया। भुल्लर ने उतनी ही तेजी से इस्तीफा दिया और फिर सरकार ने यह जानकारी मीडिया में रिलीज करवा दी। सीएम भगवंत मान ने चंडीगढ़ में मंत्री से इस्तीफा लेने की बात कही उसके तुरंत बाद लालजीत भुल्लर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस्तीफा देने की बात लिख दी। मंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच पूरी होने तक वो मंत्री नहीं रहेंगे। लालजीत भुल्लर की पोस्ट… एडवोकेट बोले- करप्शन का केस बनता है पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट कमलदीप सिंह सिद्धू ने इस मामले में कहा- सुसाइड करने वाले का डाइंग डिक्लेरेशन हो तो ऐसे मामले में आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज होता है। इसके अलावा इस केस की बात करें तो इस वीडियो के आधार पर करप्शन व सरकारी कामकाज में बाधा डालने का मामला भी बनता है। मामले में आगे क्या… विरोधी दलों का चंडीगढ़ में प्रदर्शन सुसाइड करने वाले अफसर रंधावा के परिजन ने लालजीत सिंह भुल्लर, उसके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर व उनके साथियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग रखी थी। परिवार ने साफ कर दिया कि जब तक FIR नहीं होती तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। इसके अलावा परिजन ने CBI जांच की मांग रख दी। दबाव में आकर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी यह तय नहीं है कि मृतक के परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार होंगे या नहीं। डीएम गगनदीप सिंह की मौत के बाद विपक्ष के नेता देर रात तक अमृतसर में जुटे रहे। अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल, पूर्व मंत्री बिक्रम मजीठिया, कांग्रेस से नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, भाजपा के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ और सीनियर भाजपा नेता तरूण चुग समेत सभी दलों के नेताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने आज (22 मार्च) को चंडीगढ़ में CM के घेराव का ऐलान कर दिया है। डीएम गगनदीप सिंह ने लिखे लेटर… ॰॰॰॰॰॰॰ ये खबरें भी पढ़ें… रंधावा के आखिरी शब्द...भुल्लर बच्चों को कुछ कर देगा:दोस्त को कहा- AAP मंत्री ने पिस्टल बट-कड़े से पिटवाया, गनपॉइंट पर VIDEO बनवाया पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर पर आरोप लगा सुसाइड करने वाले वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा को मरते दम तक बच्चों की चिंता थी। जहर निगलने के बाद अस्पताल ले जाते हुए गगनदीप कुछ समय तक जिंदा रहे। पढ़ें पूरी खबर… मंत्री-अफसर का टेंडर विवाद ₹35 करोड़ कमाई से जुड़ा:भुल्लर के पिता की कंप्लेंट- उल्लंघन कर टेंडर दिलाया; DM ने कहा था- जबरन लेना चाहते थे पंजाब में शनिवार (21 मार्च) को अमृतसर में वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप रंधावा जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले वीडियो बनाकर उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर को जिम्मेदार ठहराया। जिसके बाद भुल्लर की मंत्री की कुर्सी छिन गई। पढ़ें पूरी खबर… पंजाब-अफसर ने वीडियो में मंत्री का नाम लेकर सुसाइड किया, मंत्री भुल्लर का इस्तीफा, नंगा करके पीटने का आरोप पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर का नाम लेकर एक अधिकारी ने आत्महत्या की है। अमृतसर में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार सुबह जहर खाकर जान दे दी। मरने से पहले उन्होंने 12 सेकेंड का एक वीडियो जारी किया। (पढ़ें पूरी खबर) लाल किला हिंसा में भी दिखे थे भुल्लर:मंत्री बनते ही स्टंट, जातिवादी टिप्पणी की, हर बार बचते रहे; अफसर के सुसाइड से कुर्सी छिनी अमृतसर के वेयरहाउस डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड से कुर्सी गंवाने वाले आम आदमी पार्टी (AAP) के मंत्री लालजीत भुल्लर पहली बार विवादों में नहीं फंसे, इससे पहले भी वह लाल किला हिंसा, जातिवादी टिप्पणी से लेकर मंत्री बनते ही स्टंटबाजी को लेकर वह सुर्खियों में रह चुके हैं। हालांकि हर बार उन्हें पार्टी और सरकार का साथ मिलता रहा। कभी सफाई देकर तो कभी माफी मांगकर वह हमेशा बचते रहे। हालांकि इस बार वह सीधे अफसर के सुसाइड केस में फंस गए। पंजाब में एक साल बाद चुनाव है, ऐसी सूरत में AAP सरकार किसी तरह का रिस्क लेने के मूड़ में नहीं है। इसी वजह से मामला मीडिया में आते ही CM भगवंत मान ने तुरंत भुल्लर का इस्तीफा ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
    Click here to Read More
    Previous Article
    Watch: Iranian missile strikes Jerusalem near Al-Aqsa mosque during Eid prayers
    Next Article
    पंजाब अफसर सुसाइड, AAP मंत्री पर पिता-PA समेत FIR:पत्नी बोली- पति को धमकाया, गैंगस्टर मेरे पाले हुए, तू मेरी नियम न मान जिंदा नहीं रह सकता, जहर खा ले

    Related भारत Updates:

    Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

    Comments (0)

      Leave a comment